Modi Cabinet 3.0 LIVE Updates: सियासी हलचल तेज, PMO पहुंचे नरेंद्र मोदी, लखनऊ रवाना होने से पहले शाह से मिले योगी
NDA कैबिनेट की पहली बैठक लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आवास पर होने की संभावना है।
नरेंद्र मोदी ने रविवार को तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। मोदी के साथ ही 71 मंत्रियों ने भी पद तथा गोपनीयता की शपथ ली। अब नई कैबिनेट की पहली बैठक सोमवार शाम को होगी।
यह बैठक लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के आवास पर होने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, बैठक शाम पांच बजे हो सकती है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोदी सरकार की नई कैबिनेट में शामिल लोगों के लिए रात्रिभोज का भी आयोजन किया है।
Modi Cabinet 3.0 LIVE Updates: आज ही विभागों का बंटवारा संभव
शपथ ग्रहण के अगले दिन सियासी हलचल तेज है। पीएम मोदी सुबह पीएमओ पहुंचे। यहां आला अधिकारियों से मिलेंगे और तीसरी बार पदभार ग्रहण करेंगे।
वहीं, लखनऊ रवाना होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमित शाह, राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी से मुलाकात की।
मोदी कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद उत्साह में शेयर बाजार
नरेंद्र मोदी कैबिनेट के शपथ ग्रहण के बाद सोमवार सुबह शेयर बाजार में जबरदस्त उछाल देखा गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और एक्सिस बैंक के शेयर में सबसे ज्यादा तेजी रही। सुबह 09:21 बजे एनएसई निफ्टी 50 0.39% बढ़कर 23,382.05 पर था। वहीं बीएसई सेंसेक्स 233.11 अंक (0.30%) बढ़कर 76,926.47 पर था। एनएसई निफ्टी 50 23,411.90 की नई ऊंचाई पर पहुंच गया और सेंसेक्स 77,079.04 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
मोदी कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा भी आज ही किया जा सकता है। माना जा रहा है कि गृह के साथ ही वित्त, विदेश और रक्षा मंत्रालय भाजपा अपने पास रखेगी।