मोदी, नड्डा, शाह और राजनाथ की मौजूदगी में कल जारी होगा भाजपा का घोषणापत्र
लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को होना है। इससे पहले ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार जारी है। वहीं 12 अप्रैल, शुक्रवार से तीसरे चरण के नामांकन शुरू हो गए हैं। तीसरे चरण में 7 मई को 13 राज्यों की 94 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। कुल मिलाकर जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे देश में सियासी पारा भी चढ़ रही है। नेता एक दूसरे पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। यहां पढ़िए 13 अप्रैल, शनिवार की हर चुनावी हलचल
लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का घोषणापत्र 14 अप्रैल को जारी होगा। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति में घोषणापत्र को जारी किया जाएगा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता वाली घोषणापत्र समिति पहले ही दो बैठकें कर चुकी है। भाजपा को घोषणापत्र के लिए 15 लाख से अधिक सुझाव मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक घोषणापत्र समृद्ध भारत, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और किसानों पर केंद्रित होगा। यह सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के साथ ‘मोदी की गारंटीः विकसित भारत 2047’ की थीम पर आधारित होगा। भाजपा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में 27 सदस्यीय चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन किया था।