पीएम मोदी ने गांधीनगर में किया मतदान
मतदान करने के बाद पीएम मोदी ने कहा- लोकतंत्र के इस महायज्ञ में हिस्सा लेने वाले सभी लोग अभिनन्दन के अधिकारी हैं। मेरा सभी से आग्रह है कि आज गुजरात में और देश में जहां-जहां भी मतदान है, वहां बहुत भारी मात्रा में मतदान करें और लोकतंत्र के इस पर्व को उत्सव के रूप में मनाएं।
लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण का मतदान 7 मई, मंगलवार को हो रहा है। इस चरण में 11 राज्यों की 93 सीटों पर चुनावी मैदान में खड़े हुए कुल 1331 प्रत्याशियों का भाग्य तय होगा। मतदान सुबह 7:00 बजे से शाम को 6:00 बजे तक चलेगा। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुजरात की सभी 25 सीटों पर मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश में 10, महाराष्ट्र में 11, कर्नाटक में 14, मध्य प्रदेश में 9, असम में 4, बिहार में 5, छत्तीसगढ़ में 7, पश्चिम बंगाल में 4, दमन दीव और दादरा एवं नागर हवेली में 2 सीटों पर भी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। तीसरे चरण में 10 केंद्रीय मंत्रियों व 4 पूर्व मुख्यमंत्रियों का भविष्य तय होगा। चुनाव परिणाम 4 जून को आएगा।